शिमला। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास निदेशालय, हिमाचल प्रदेश द्वारा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कारों हेतु नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। यह पुरस्कार हिमाचल प्रदेश महिला विकास प्रोत्साहन योजना-2013 के तहत प्रदान किए जाएंगे।
विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा तथा कला एवं संस्कृति जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में महिला विकास एवं सशक्तिकरण के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को इन पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। चयन पिछले पांच वर्षों के दौरान किए गए सराहनीय और प्रभावशाली योगदान के आधार पर किया जाएगा।
इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं अपने आवेदन 31 जनवरी, 2026 तक संबंधित जिला कार्यक्रम अधिकारी के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी प्राप्त आवेदनों को उपायुक्त की संस्तुति के बाद आगे भेजेंगे।
चयनित व्यक्ति या संस्था को एक लाख रुपये की नकद राशि के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान 8 मार्च, 2026 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किए जाएंगे।
प्रवक्ता ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे सभी योग्य व्यक्तियों एवं संस्थाओं से इस योजना के अंतर्गत आवेदन करने का आग्रह किया है, ताकि उनके कार्यों को राज्य स्तर पर उचित पहचान और सम्मान मिल सके।
यह भी पढ़ें:- अब राशन मिलेगा फेस ऑथेंटिकेशन से, डिपुओं में लगेंगी नई पीओएस मशीनें
