सोलन। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन की अध्यक्षता में ज़िला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के अंतर्गत मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना तथा मिशन वात्सल्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि ज़िला सोलन में सामाजिक सुरक्षा के तहत 204 लाभार्थियों को 6,89,451 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना पर विशेष फोकस
राहुल जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के माध्यम से अनाथ और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और पुनर्वास की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी लाभार्थियों का नियमित अनुश्रवण किया जाए और उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए।
व्यक्तिगत फाइल तैयार करने के निर्देश
उन्होंने निर्देश दिए कि विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत सभी लाभार्थियों की व्यक्तिगत फाइल तैयार की जाए, जिसमें उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और सहायता से संबंधित विवरण दर्ज हों और इन्हें समय-समय पर अद्यतन किया जाए।
ज़िला सोलन में मिशन वात्सल्य के तहत तीन बाल-बालिका आश्रम और चिल्ड्रन होम संचालित हैं, जहां 69 बच्चे रह रहे हैं। इन बच्चों को वस्त्र, बिस्तर, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुसार उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
गृह निर्माण और ऑफ्टर केयर योजना
मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के अंतर्गत 14 पात्र लाभार्थियों को गृह निर्माण के लिए 15.30 लाख रुपये की सहायता दी गई है। वहीं, ऑफ्टर केयर होम स्कीम के तहत 9 बच्चों को लाभ प्रदान किया गया है, जिनमें 3 लड़के और 6 लड़कियां शामिल हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बाल संरक्षण अधिनियम के तहत संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि बाल श्रम और बच्चों से भीख मंगवाने जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
बैठक में ज़िला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव आकांक्षा डोगरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी अशोक वर्मा, नगर निगम सोलन के अतिरिक्त आयुक्त चेतन चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
