सोलन, 4 अगस्त। विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, सोलन द्वारा मंगलवार को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के मातृत्व वार्ड में स्तनपान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अजय पाठक ने की।
डॉ. अजय पाठक ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती एवं धातृ माताओं, उनके परिजनों तथा आमजन को शिशु के समुचित पोषण और बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू करना तथा पहले छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध देना उसके शारीरिक, मानसिक और प्रतिरक्षा विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि मां का पहला गाढ़ा पीला दूध (कोलोस्ट्रम) नवजात के लिए प्रथम टीके के समान होता है, जो उसे कई गंभीर संक्रमणों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश पंवार, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. धर्मेन्द्र तथा डॉ. राजू कटोच ने भी माताओं और उनके परिजनों को स्तनपान की सही तकनीक, नवजात शिशु की देखभाल तथा छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने के लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित स्तनपान से शिशु में कुपोषण, दस्त और निमोनिया जैसी बीमारियों का खतरा कम होता है। वहीं माताओं में प्रसव के बाद स्वास्थ्य लाभ तेजी से होता है तथा स्तन और अंडाशय के कैंसर का जोखिम भी कम हो सकता है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के चिकित्सकों तथा पैरामेडिकल स्टाफ ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और माताओं को स्तनपान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।












रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…