हमीरपुर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अपने पैतृक गांव भवड़ां (अमलैहड़) के दौरे के दौरान प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और ग्रामीण आर्थिकी को लेकर कई बड़े ऐलान किए।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश सरकार शिक्षा नीति में बहुत बड़े बदलाव करने जा रही है और सीबीएसई के अधीन लाए जा रहे सरकारी स्कूलों के लिए अंग्रेजी तथा गणित के लिए स्पेशल इंस्ट्रक्टर नियुक्त किए जाएंगे, जिनकी भर्ती जल्द ही शुरू की जा रही है।
रविवार को नादौन विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान ग्राम पंचायत अमलैहड़ में स्थित अपने पैतृक गांव भवड़ां में लगभग 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित गुग्गा धाम एवं पार्क के उदघाटन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अमलैहड़ स्कूल को भी सीबीएसई का दर्जा दिया गया है। यहां राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का कार्य तेजी से करवाया जा रहा है, जिसमें अगले साल से कक्षाएं आरंभ कर दी जाएंगी। अमलैहड़ सहित प्रदेश के चार चुनिंदा स्कूलों में मल्टीपल सब्जेक्ट शुरू किए जाएंगे, ताकि बच्चे अपनी रुचि के अनुसार विषय चुन सकें।
किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इस विधि से उगाई गई फसलों की उच्च मूल्य पर खरीद सुनिश्चित कर रही है। प्राकृतिक खेती से उगाई गई हल्दी को सरकार 90 रुपये प्रति किलो की दर से खरीद रही है। पांच कनाल भूमि पर हल्दी उगाकर किसान तीन लाख रुपये तक आय अर्जित कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बंजर भूमि पर सोलर प्लांट लगाने के लिए भी सब्सिडी प्रदान कर रही है। चार कनाल भूमि पर सोलर प्लांट लगाकर युवा हर साल तीन लाख रुपये तक का शुद्ध लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नादौन विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न पेयजल योजनाओं पर लगभग 100 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए ब्लीचिंग पाउडर के प्रयोग के बजाय अत्याधुनिक यू.वी. टैक्नोलॉजी और ओजोनेशन प्रक्रिया से पानी की प्यूरिफिकेशन की जा रही है।
इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रधान सोनिया ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र में जारी विकास कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
🏫 शिक्षा क्षेत्र में बड़े बदलाव:
- स्पेशल इंस्ट्रक्टर: सीबीएसई के अधीन आने वाले सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी और गणित के लिए विशेष इंस्ट्रक्टर नियुक्त किए जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
- अमलैहड़ स्कूल: इसे सीबीएसई का दर्जा दिया गया है और यहाँ बन रहे राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल में अगले साल से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
- मल्टीपल सब्जेक्ट्स: अमलैहड़ सहित प्रदेश के 4 स्कूलों में बच्चे अब अपनी पसंद के कई विषय चुन सकेंगे।
💰 किसानों और युवाओं के लिए कमाई के अवसर:
- हल्दी की खेती: प्राकृतिक खेती से उगाई हल्दी को सरकार ₹90 प्रति किलो खरीदेगी। किसान 5 कनाल भूमि से ₹3 लाख तक कमा सकते हैं।
- सोलर प्लांट: बंजर भूमि पर सोलर प्लांट लगाने के लिए सब्सिडी मिलेगी। 4 कनाल पर प्लांट लगाकर युवा सालाना ₹3 लाख का शुद्ध लाभ कमा सकते हैं।
💧 आधुनिक पेयजल व्यवस्था:
- नादौन में ₹100 करोड़ की पेयजल योजनाओं पर काम जारी है। अब पानी को साफ करने के लिए ब्लीचिंग पाउडर नहीं, बल्कि अत्याधुनिक UV टेक्नोलॉजी और ओजोनेशन का इस्तेमाल होगा।
🏗️ अन्य प्रमुख उद्घाटन:
- ₹60 लाख की लागत से निर्मित गुग्गा धाम एवं पार्क (अमलैहड़) का उद्घाटन।
- पखरोल में श्री वैकुंठ धाम एवं पार्क का लोकार्पण।
- नादौन के इंद्रपाल चौक पर स्वतंत्रता सेनानी इंद्रपाल की प्रतिमा का अनावरण।

