सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में दवाओं की कमी ने मरीजों की चिंता बढ़ा दी है। अस्पताल में आपातकालीन परिस्थितियों में इस्तेमाल होने वाला पैनटॉप इंजेक्शन और ब्लड प्रेशर की महत्वपूर्ण दवाएं एम्लोडिपाइन व टेल्मिसर्टन उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में अस्पताल में इलाज के लिए पहुंच रहे मरीजों को आने वाले दिनों में निजी मेडिकल स्टोर से महंगे दामों पर दवाएं खरीदनी पड़ सकती हैं।
आपातकालीन स्टॉक के सहारे चल रहा काम
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में एसिडिटी और अल्सर जैसी समस्याओं के उपचार में इस्तेमाल होने वाले पैनटॉप इंजेक्शन का स्टॉक एक बार फिर समाप्त हो गया है। इसके अलावा बीपी के मरीजों के लिए इस्तेमाल होने वाली एम्लोडिपाइन और टेल्मिसर्टन दवाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। फिलहाल अस्पताल प्रशासन आपातकालीन स्टॉक के सहारे व्यवस्था चला रहा है।
तीन महीने की डिमांड, एक महीने में खत्म हुआ स्टॉक
बताया जा रहा है कि अस्पताल प्रशासन की ओर से तीन महीने की जरूरत के अनुसार दवाओं की मांग भेजी गई थी, लेकिन मांग के मुकाबले कम सप्लाई मिलने के कारण उपलब्ध स्टॉक करीब एक महीने में ही समाप्त हो गया। इससे अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
टेंडर प्रक्रिया में देरी, मरीजों को करना पड़ सकता है इंतजार
दवाओं की नई खरीद के लिए अभी तक टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। जानकारी के मुताबिक, पोर्टल से जुड़ी प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताओं के चलते नया टेंडर नहीं लगाया जा सका है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और शिमला स्थित कंपनी से दवाओं की सप्लाई पहुंचने में करीब एक महीने का समय लग सकता है।
क्या कहते हैं चिकित्सा अधीक्षक?
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश पंवार ने बताया कि फिलहाल आपातकालीन स्टॉक के तहत दवाओं की खरीद की जा रही है। हालांकि अस्पताल प्रशासन अपने स्तर पर बड़ी मात्रा में दवाओं की खरीद नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि जल्द ही पोर्टल के माध्यम से दवाओं की डिमांड भेजी जाएगी, जिसके बाद सप्लाई मिलने की उम्मीद है।
बड़ा सवाल: सरकारी अस्पताल में इलाज की उम्मीद लेकर आने वाले मरीजों को यदि जरूरी दवाएं भी बाहर से खरीदनी पड़ें, तो सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। अब देखना होगा कि अस्पताल प्रशासन और संबंधित विभाग इस संकट को दूर करने के लिए कितनी जल्दी कदम उठाते हैं।
Himalayan Dawn News Desk | Solan











रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…