सोलन (हिमालयन डॉन): सोलन शहर में रेलवे लाइन से सटे वार्डों की समस्याओं को लेकर नगर निगम का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को अंबाला पहुंचा। मेयर सुषमा शर्मा की अध्यक्षता में इस प्रतिनिधिमंडल ने उत्तरी रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय में वरिष्ठ मुख्य अभियंता से मुलाकात की और शहर से जुड़े रेलवे के अहम मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
बैठक में मुख्य रूप से करोल विहार में एंबुलेंस मार्ग के निर्माण, सोलन रेलवे स्टेशन पर बंद पड़ी पुलिस चौकी को फिर से शुरू करने और रेलवे ट्रैक के आर-पार जा रही पाइप लाइनों की समस्या पर विस्तृत चर्चा की गई। इस प्रतिनिधिमंडल में उपमहापौर गौरव राजपूत, वार्ड नंबर चार के पार्षद रोहित भारद्वाज और भाजपा के वरिष्ठ नेता पुरुषोत्तम गुलेरिया विशेष रूप से मौजूद रहे।
करोल विहार में एंबुलेंस मार्ग की उठी जोरदार मांग पार्षद रोहित भारद्वाज ने करोल विहार में एंबुलेंस रोड का मुद्दा प्रमुखता से रखा। उन्होंने अधिकारियों को अवगत करवाया कि आपातकालीन स्थितियों में एंबुलेंस की आवाजाही का कोई विकल्प न होने से स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों की इस पुरानी मांग को पूरा करने के लिए रेलवे से आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया।
सुरक्षा के लिए रेलवे पुलिस चौकी की बहाली जरूरी यात्रियों और स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रतिनिधिमंडल ने सोलन रेलवे स्टेशन पर पूर्व में संचालित पुलिस चौकी को दोबारा शुरू करने की पुरजोर वकालत की। इसके साथ ही शहर की पाइप लाइनों से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए भी रेलवे विभाग से विभागीय सहयोग मांगा गया।
जल्द होगा संयुक्त निरीक्षण प्रतिनिधिमंडल ने सुझाव दिया कि रेलवे लाइन से सटे सभी वार्डों की समस्याओं का जमीनी आकलन करने के लिए रेलवे और नगर निगम अधिकारियों की एक संयुक्त टीम गठित की जाए। रेलवे अधिकारियों ने इन सभी मुद्दों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द ही मौके का संयुक्त निरीक्षण करवाने का आश्वासन दिया है। मेयर सुषमा शर्मा ने कहा कि नगर निगम शहरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और रेलवे के साथ समन्वय बनाकर इन जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा।











रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…