हिमालयन डॉन संवाददाता, शिमला | हिमाचल प्रदेश में मई की शुरुआत ही बदले मिजाज वाले मौसम के साथ हुई है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है। हैरानी की बात यह है कि मई के पहले सिर्फ 5 दिनों में ही सामान्य से 28 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 1 से 6 मई के बीच जहां सामान्य बारिश 13.9 मिमी मानी जाती है, वहीं इस बार 17.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। कई जिलों में तो बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ दिए—
- बिलासपुर में 367%
- सिरमौर में 336%
- ऊना में 317%
- सोलन में 304%
- शिमला में 284%
हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी में भी 150% से ज्यादा बारिश
वहीं दूसरी ओर चंबा, किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जैसे जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई।
ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान
ऊना के बंगाणा और मंडी के लडभड़ोल क्षेत्र में ओलावृष्टि और बेमौसमी बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। कई जगहों पर फसलों और बागवानी को नुकसान की खबरें सामने आई हैं।
24 घंटों में कहां कितनी बारिश?
बीते 24 घंटों में शिमला में 17.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि नाहन (13.2), काहू (7.4), बरठीं (6.2), सराहन (5.5), सोलन और पालमपुर (5.2) समेत कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
12 मई तक ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार—
- 6-7 मई: कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश
- 8-10 मई: मौसम रहेगा साफ
- 11-12 मई: फिर बदलेगा मौसम, बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के आसार
इसके साथ ही आने वाले दिनों में तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
- न्यूनतम तापमान में 2-4°C की बढ़ोतरी
- अधिकतम तापमान में 3-8°C तक उछाल संभव
कहां कितना तापमान दर्ज हुआ?
राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान 9°C दर्ज किया गया, जबकि कल्पा (3.5°C), मनाली (8.2°C) और ताबो (0.8°C) जैसे क्षेत्रों में अभी भी ठंड का असर बना हुआ है। वहीं ऊना (16.8°C) और पांवटा साहिब (19°C) अपेक्षाकृत गर्म रहे।
मौसम के इस बदले रुख को देखते हुए किसानों, बागवानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर ओलावृष्टि और तेज हवाओं के दौरान।
यह भी पढ़ें:- सोलन निकाय चुनाव: नामांकन वापसी के बाद अब 121 धुरंधर मैदान में, 34 ने खींचे कदम—देखें आपके वार्ड का गणित
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page
