हिमाचल में मानसून फिर दिखाएगा तेवर, आज भारी से बहुत भारी बारिश का येलो अलर्ट

On: August 18, 2026 5:47 AM
हमें फॉलो करें:
हिमाचल प्रदेश में मानसून भारी बारिश अलर्ट
--विज्ञापन यहां--

Whatsapp Channel

Join Now

Telegram Group

Join Now

हिमालयन डॉन, शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार 18 अगस्त को प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश भी हो सकती है। इसके बाद 19, 20 और 21 अगस्त को भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा।

शिमला में 18 और 19 अगस्त को अलर्ट

जिला स्तर पर जारी चेतावनी के अनुसार शिमला जिले में 18 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का येलो अलर्ट है। वहीं, 19 अगस्त को भी जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 अगस्त को शिमला जिले के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं है, हालांकि इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।

किन्नौर और लाहौल-स्पीति में तेज हवाओं की संभावना

मौसम विभाग ने बताया कि 17 से 21 अगस्त तक किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रदेश के निचले और मध्यम पहाड़ी क्षेत्रों में भी इस अवधि के दौरान गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

भूस्खलन और जलभराव का खतरा

भारी बारिश के दौरान प्रदेश के संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, मलबा गिरने और सड़क मार्ग प्रभावित होने का खतरा बढ़ सकता है। निचले इलाकों में अचानक पानी बढ़ने तथा छोटी नदियों और नालों के उफान पर आने की आशंका भी जताई गई है।

मौसम विभाग ने वाहन चालकों को बारिश के दौरान फिसलन भरी सड़कों और कम दृश्यता को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और जल स्रोतों के आसपास अनावश्यक जाने से बचने की अपील की गई है।

किसानों और बागवानों को सावधानी की सलाह

मौसम विभाग ने किसानों और बागवानों को भी मौसम की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा है।

बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हुई। प्रदेश में सबसे कम तापमान कुकुमसेरी में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक तापमान ऊना में 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

Akshay Chauhan

अक्षय चौहान पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता एवं मीडिया प्रबंधन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे साप्ताहिक हिमालयन डॉन के संपादकीय एवं प्रबंधन कार्यों का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर रहे हैं। समाचार संकलन, संपादन, डिजिटल मीडिया, कंटेंट प्रबंधन तथा समाचार पत्र के संचालन में उनका व्यापक अनुभव रहा है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें