हिमाचल में मानसून फिर हुआ सक्रिय, आज तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट; 16 अगस्त तक बारिश से राहत के आसार नहीं

On: August 11, 2026 9:18 AM
हमें फॉलो करें:
हिमाचल में मानसून और भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
--विज्ञापन यहां--

Whatsapp Channel

Join Now

Telegram Group

Join Now
मंडी में 245 ट्रांसफार्मर ठप, 51 सड़कें बंद; प्रदेश में 124 सड़कों और 17 पेयजल योजनाओं पर बारिश की मार

हिमालयन डॉन न्यूज़ डेस्क | शिमला, 11 अगस्त 2026, हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार रात शिमला समेत प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। 11 अगस्त को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला और सोलन में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 16 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। 10 और 11 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद 14 से 16 अगस्त के बीच भी कई क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन की आशंका बढ़ गई है, जिससे सड़क यातायात, बिजली आपूर्ति और पेयजल योजनाओं पर असर पड़ रहा है।

कई जिलों में लगातार बारिश का अलर्ट
12 अगस्त को बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 13 अगस्त को बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी में भारी बारिश की संभावना है। वहीं 14 अगस्त को हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में येलो अलर्ट रहेगा। 15 और 16 अगस्त को भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

124 सड़कें बंद, मंडी सबसे ज्यादा प्रभावित
लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश की सड़क व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के सोमवार सुबह तक के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 124 सड़कें बंद हैं।
जिला स्तर पर मंडी में सबसे ज्यादा 51 सड़कें अवरुद्ध हैं। इसके बाद कुल्लू में 39, शिमला में 13, चंबा में सात, सिरमौर में छह, कांगड़ा में पांच और ऊना में तीन सड़कें बंद हैं।

सड़कों के बंद होने से कई ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से प्रभावित मार्गों को बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मंडी में 245 ट्रांसफार्मर ठप
बारिश का सबसे ज्यादा असर बिजली आपूर्ति पर मंडी जिले में देखने को मिला है। जिले में 245 बिजली ट्रांसफार्मर बंद हैं, जिसके चलते कई उपमंडलों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है।
अकेले जोगिंद्रनगर उपमंडल में 162 ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना है। लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण बिजली लाइनों और ट्रांसफार्मरों की मरम्मत में भी विभागीय टीमों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

17 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित
बारिश के कारण पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। प्रदेश में कुल 17 पेयजल परियोजनाओं पर असर पड़ा है। शिमला जिले में 12 और हमीरपुर के बड़सर क्षेत्र में पांच पेयजल योजनाएं ठप हैं। इससे प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की आशंका बनी हुई है।

तापमान में आएगा उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। अगले 48 घंटों में कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों को भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और संवेदनशील सड़कों से दूर रहने की सलाह दी है। लगातार बारिश को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र को भी सतर्क रहने की जरूरत है।

Akshay Chauhan

अक्षय चौहान पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता एवं मीडिया प्रबंधन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे साप्ताहिक हिमालयन डॉन के संपादकीय एवं प्रबंधन कार्यों का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर रहे हैं। समाचार संकलन, संपादन, डिजिटल मीडिया, कंटेंट प्रबंधन तथा समाचार पत्र के संचालन में उनका व्यापक अनुभव रहा है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें