चम्बा। हिमाचल प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। ताजा घटना जिला चम्बा के भटियात विधानसभा क्षेत्र के समोट कस्बे में सामने आई है, जहां गुरुवार सुबह एक निजी बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब नौ बजे की है। समोट-ददरियाडा मार्ग पर चलने वाली यह निजी बस कस्बे के टैक्सी स्टैंड के पास चौक में खड़ी थी और दूसरी बस से आने वाले यात्रियों का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान बस का चालक अपनी सीट पर मौजूद नहीं था।
बताया जा रहा है कि ढलान पर खड़ी बस अचानक न्यूट्रल हो गई, जिससे वह अपने आप सरकने लगी। बस में उस समय करीब एक दर्जन यात्री सवार थे। जैसे ही वाहन आगे बढ़ा, यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घबराकर मदद के लिए चिल्लाने लगे।
कुछ ही पलों में बस करीब 30 से 40 मीटर तक सड़क पर फिसलती हुई पास ही स्थित एक प्राकृतिक जल स्रोत के समीप खाई में जा गिरी। गनीमत यह रही कि बस पलटी नहीं और किसी बड़े हादसे से बचाव हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में मदद की और प्रशासन को सूचना दी। बाद में पुलिस व संबंधित विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में ढलान पर वाहनों की सुरक्षित पार्किंग और चालक की सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। समय पर सावधानी बरती जाती तो इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
यह भी पढ़ें:- HP Govt CBSE Schools: नर्सरी से 12वीं तक बदलेगा पढ़ाई का ढांचा, हर कक्षा में तय होगी विद्यार्थियों की संख्या
