सोलन | हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन ने शहर के विभिन्न हिस्सों में कल 18 जनवरी को बिजली कटौती का ऐलान किया है। विद्युत लाइनों के आवश्यक रखरखाव और मरम्मत कार्य के चलते शहर के कई रिहायशी और व्यापारिक क्षेत्रों में सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता (सोलन) राहुल वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा सुचारू विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह रखरखाव बेहद जरूरी है।
इन क्षेत्रों में रहेगा अंधेरा:
बिजली बोर्ड द्वारा जारी सूची के अनुसार, निम्नलिखित प्रमुख क्षेत्र प्रभावित रहेंगे:
- शिक्षण संस्थान एवं कार्यालय: सेंट ल्यूक्स स्कूल, एस.आई.एल.बी., पुलिस चौकी, कल्याण अधिकारी कार्यालय, पुराना डाकघर और पीडब्ल्यूडी (PWD) तृतीय वृत्त कार्यालय।
- बाज़ार एवं व्यावसायिक क्षेत्र: सेन्ट्रर प्राइम मॉल (हवेली), चौक बाज़ार, बाण मोहल्ला, गांधी मोहल्ला, गंज बाज़ार और लोअर बाज़ार।
- आवासीय कॉलोनियाँ: शांडिल निवास, जौणाजी मार्ग, शूलिनी नगर, शक्ति नगर, शिल्ली मार्ग, मोहन कॉलोनी, चम्बा अपार्टमेंट, चेस्टर हिल्ज और अल्पाईन अपार्टमेंट।
- अन्य प्रमुख स्थान: माता शूलिनी मंदिर, दुर्गा क्लब, मोहन पार्क, माया राम डिपो और कशिश अपार्टमेंट।
- अस्पताल: ज़िला अस्पताल के कुछ हिस्सों में भी इस दौरान विद्युत कट रहेगा।
खराब मौसम में बदल सकता है शेड्यूल
अधीक्षण अभियंता ने स्पष्ट किया कि यदि कल मौसम खराब रहता है या कोई अन्य अपरिहार्य तकनीकी कारण पैदा होता है, तो कटौती के समय और तिथि में बदलाव किया जा सकता है। विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की है।
