हिमाचल में 3,100 शिक्षकों की भर्ती को मंजूरी, हर महीने मिलेगा ₹30 हजार मानदेय; जानें विषयवार पद

On: October 28, 2026 6:49 PM
हमें फॉलो करें:
हिमाचल प्रदेश में सीबीएसई सरकारी स्कूलों के लिए 3100 शिक्षकों की भर्ती को मंजूरी
--विज्ञापन यहां--

Whatsapp Channel

Join Now

Telegram Group

Join Now

Himalayan Dawn | शिमला। हिमाचल प्रदेश में सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश सरकार ने सीबीएसई (CBSE) से संबद्ध सरकारी स्कूलों के लिए दूसरे चरण में विभिन्न श्रेणियों के 3,100 शिक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी प्रदान की है। चयनित शिक्षकों को 30,000 रुपये प्रतिमाह निश्चित मानदेय दिया जाएगा।

प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य सीबीएसई पाठ्यक्रम अपनाने वाले सरकारी स्कूलों में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है।

अंग्रेजी और गणित के 600 शिक्षक होंगे नियुक्त

सरकार द्वारा स्वीकृत नियुक्तियों में प्रोफेशनल अंग्रेजी एवं गणित शिक्षकों की नियुक्ति संबंधी उप-योजना के तहत 600 पद शामिल हैं। इनमें अंग्रेजी के 240 और गणित के 360 शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे।

सरकार ने इन विषयों में शिक्षण स्तर को बेहतर बनाने के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को अनिवार्य योग्यता बनाने का भी निर्णय लिया है।

2,500 शिक्षकों की विषयवार भर्ती

सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में निश्चित मानदेय और एकमुश्त समेकित राशि के आधार पर शिक्षकों की नियुक्ति संबंधी योजना के तहत 2,500 पद स्वीकृत किए गए हैं।

इन पदों का विषयवार विवरण इस प्रकार है:

विषयपदों की संख्या
हिंदी240
राजनीति विज्ञान199
इतिहास199
अर्थशास्त्र202
भौतिक विज्ञान120
रसायन विज्ञान120
जीव विज्ञान240
संस्कृत240
कंप्यूटर120
संगीत120
वाणिज्य240
शारीरिक शिक्षा240
ललित कला220
कुल2,500

इस प्रकार अंग्रेजी और गणित के 600 पदों सहित कुल 3,100 शिक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी दी गई है।

प्रतियोगी परीक्षा से होगा चयन, ₹30 हजार मिलेगा मासिक मानदेय

प्रदेश सरकार के अनुसार, इन पदों के लिए चयन प्रक्रिया हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षा द्वारा पूरी की जाएगी। चयनित शिक्षकों को 30,000 रुपये प्रतिमाह निश्चित मानदेय दिया जाएगा।

हालांकि, भर्ती के लिए आवेदन की तिथि, विस्तृत पात्रता शर्तों, आयु सीमा और अन्य नियमों की जानकारी संबंधित आधिकारिक भर्ती अधिसूचना जारी होने पर स्पष्ट होगी। इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले आयोग की आधिकारिक अधिसूचना अवश्य देखनी चाहिए।

सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करने पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करना शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने और प्रदेशभर के विद्यार्थियों के लिए शैक्षिक अवसरों का विस्तार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शैक्षणिक अधोसंरचना, शिक्षण मानकों और विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठा रही है। विद्यार्थियों के समग्र विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राजकीय स्कूलों को सशक्त बनाने और विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से निरंतर सुधार करती रहेगी।

Himalayan Dawn पर पढ़ते रहें हिमाचल प्रदेश की शिक्षा, सरकारी नौकरियों और जनहित से जुड़ी ताजा खबरें।

Akshay Chauhan

अक्षय चौहान पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता एवं मीडिया प्रबंधन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे साप्ताहिक हिमालयन डॉन के संपादकीय एवं प्रबंधन कार्यों का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर रहे हैं। समाचार संकलन, संपादन, डिजिटल मीडिया, कंटेंट प्रबंधन तथा समाचार पत्र के संचालन में उनका व्यापक अनुभव रहा है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

यह भी पढ़ें