कमलेश ठाकुर, सोलन। जेबीटी प्रशिक्षुओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुल रहे हैं। अब जेबीटी करने के बाद केवल सरकारी नौकरी का इंतजार ही नहीं करना पड़ेगा, बल्कि निजी शिक्षण संस्थानों में भी उन्हें नौकरी का अवसर मिलेगा। इस दिशा में डाइट सोलन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है।
डाइट सोलन की ओर से निजी शिक्षण संस्थानों के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित कर प्रशिक्षुओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। आमतौर पर जेबीटी करने के बाद प्रशिक्षु सरकारी नौकरी की प्रतीक्षा में कई वर्षों तक घर पर बैठे रहते हैं, जिससे उनका शिक्षण अनुभव प्रभावित होता है। इसी समस्या को देखते हुए यह पहल शुरू की गई है।
इस पहल के तहत प्रशिक्षुओं को वेतनमान के साथ-साथ बच्चों को पढ़ाने का व्यावहारिक अनुभव भी मिल रहा है। हाल ही में आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव में डाइट सोलन के 34 जेबीटी प्रशिक्षुओं का चयन सोलन के विभिन्न निजी शिक्षण संस्थानों में किया गया है। इनमें से 9 प्रशिक्षुओं को सोलन के कुनिहार स्थित एक निजी स्कूल में प्राथमिक शिक्षक के पद पर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत कार्यरत प्रथम फाउंडेशन में सोलन के 10 प्रशिक्षु शैक्षणिक गतिविधियों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वहीं एनआरएसटी सेंटर के तहत 15 प्रशिक्षु आउट-ऑफ-स्कूल बच्चों की शिक्षा से जुड़े कार्यों में योगदान दे रहे हैं। शिक्षा में नवाचार के लिए कार्यरत माइंड स्पार्क संस्था में भी एक प्रशिक्षु को रोजगार प्राप्त हुआ है।
डाइट सोलन के प्रिंसिपल डॉ. शिव कुमार शर्मा ने बताया कि सरकारी नौकरी की प्रतीक्षा के दौरान प्रशिक्षुओं की शिक्षण क्षमता और अनुभव प्रभावित होता है। ऐसे में कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से निजी शिक्षण संस्थानों में रोजगार मिलने से न केवल उनका अनुभव बढ़ेगा, बल्कि वे शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से योगदान भी दे सकेंगे।








रतन चंद जी नमस्कार🙏 'हिमालयन डान' के नए स्वरूप को सराहने और अपनी आत्मीय शुभकामनाएं भेजने के लिए हम आपका…