हिमाचल पंचायत चुनाव 2026 नामांकन के दौरान तहसील कार्यालय में उमड़ी भीड़

Himachal Panchayat Elections 2026: नामांकन में टूटा रिकॉर्ड, आखिरी दिन उमड़ा जनसैलाब; जानें अपने जिले का हाल

Himachal

हिमालयन डॉन संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों को लेकर गांव-गांव में लोकतंत्र का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। पंचायत चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को रिकॉर्ड स्तर पर उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए। राज्य निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार एक ही दिन में 37,114 नामांकन पत्र जमा हुए, जबकि पूरे प्रदेश में अब तक कुल 79,676 नामांकन दाखिल किए जा चुके हैं। जिला चंबा के दुर्गम पांगी क्षेत्र की रिपोर्ट अभी आना बाकी है, ऐसे में यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।

12 मई को होगी जांच, 15 तक नाम वापसी

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार सभी नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को सुबह 10 बजे से संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा की जाएगी। उम्मीदवार 15 मई तक अपने नाम वापस ले सकेंगे और उसी दिन चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए जाएंगे।

प्रदेश में मतदान तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक पारंपरिक मतपत्र और मतपेटियों के जरिए कराया जाएगा।

कांगड़ा और मंडी में सबसे ज्यादा चुनावी हलचल

नामांकन आंकड़ों में जिला कांगड़ा सबसे आगे रहा, जहां 14,590 नामांकन पत्र दाखिल हुए। मंडी में भी चुनावी माहौल बेहद गर्म रहा और वहां 14,517 उम्मीदवार मैदान में उतरे।
वहीं लाहुल-स्पीति सबसे पीछे रहा, जहां केवल 493 नामांकन पत्र प्राप्त हुए।

तहसील कार्यालयों में उमड़ी भारी भीड़

नामांकन के अंतिम दिन प्रदेशभर के तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों में भारी भीड़ देखने को मिली। उम्मीदवार समर्थकों के साथ ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच नामांकन दाखिल करने पहुंचे। कई जगह चुनावी शक्ति प्रदर्शन भी देखने को मिला।

अब सबकी निगाहें 12 मई की नामांकन जांच और 15 मई के बाद बनने वाले असली चुनावी मुकाबलों पर टिकी हैं।

जिला वार नामांकन आंकड़े

कांगड़ा — 14,590
मंडी — 14,517
चंबा — 8,002
शिमला — 7,614
हमीरपुर — 7,194
सिरमौर — 5,970
ऊना — 5,823
कुल्लू — 5,817
सोलन — 5,605
बिलासपुर — 4,484
किन्नौर — 1,428
लाहुल-स्पीति — 493


यह भी पढ़ें:- Aaj Ka Panchang, 12 May 2026: मंगलवार व्रत के साथ आज दूसरा बुढ़वा मंगल, मंगल दोष होगा शांत, जानें शुभ-अशुभ मुहूर्त


हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।

WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel⁠
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel⁠
Facebook पेज:
Join Facebook Page

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *