हिमालयन डॉन संवाददाता, सोलन। सिरमौर जिला के पच्छाद उपमंडल की बजगा पंचायत के शामपुर गांव निवासी युवा समाजसेवी यशपाल कपूर को दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में नेशनल यूथ लीडरशिप अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें देशभर में शांति और सद्भावना स्थापित करने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
दिल्ली स्थित विश्व युवा केंद्र के रामकृष्ण बजाज सभागार में प्रोजेक्ट प्वाइंट द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार और माय भारत के सहयोग से “यूथ इन डेमोक्रेसी एंड गवर्नमेंट फॉर विकसित भारत @2047” विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यूथ राइट एडवोकेसी एंड पॉलिसीज पर विस्तार से चर्चा की गई।
23 राज्यों और तीन देशों के युवाओं ने लिया भाग
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत में श्रीलंका की राजदूत महिषिणी कोलोन ने किया। इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में देश के 23 राज्यों से 100 से अधिक युवा प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जबकि श्रीलंका, बांग्लादेश और नेपाल से भी युवा प्रतिनिधि शामिल हुए।
इस अवसर पर देशभर में युवाओं के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा नेताओं को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में यशपाल कपूर को श्रीलंका की राजदूत महिषिणी कोलोन ने नेशनल यूथ लीडरशिप अवार्ड प्रदान किया।
यशपाल कपूर लंबे समय से सामाजिक एकता, शांति और सद्भावना के लिए कार्य कर रहे हैं। उनके इस सम्मान से पूरे सिरमौर जिले और पच्छाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

श्रीलंका की राजदूत को भेंट की हिमाचली टोपी और मफलर
कार्यक्रम के दौरान यशपाल कपूर और पच्छाद की दीदग पंचायत के खानोटियो गांव निवासी कमलराज चौहान ने श्रीलंका की राजदूत को हिमाचली टोपी और मफलर भेंट कर हिमाचली संस्कृति से परिचित कराया। इस दौरान राजदूत ने भविष्य में शिमला आने की इच्छा भी व्यक्त की।
इस मौके पर विश्व युवा केंद्र के सीईओ उदय शंकर सिंह, ओडिशा के विशेष सचिव निहार रंजन दास, प्रोजेक्ट प्वाइंट के चेयरमैन डॉ. संग्राम केसरी, सुब्रतो राय सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:- Himachal Weather Alert: गर्मी से राहत या आफत? अगले 5 दिन भारी बारिश-ओलावृष्टि का कहर, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page
