नाहन : हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) प्रबंधन ने ड्यूटी के दौरान लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने पर कड़ा संज्ञान लिया है। नाहन डिपो के एक बस चालक को चलती बस में शराब पीने और यात्रियों की सुरक्षा खतरे में डालने के आरोप में सोमवार को तुरंत प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार शाम की है। HRTC की यह बस निर्धारित समय दोपहर 3:25 बजे पांवटा साहिब से ढल्ली (शिमला) के लिए रवाना हुई थी। शाम करीब 5:00 बजे बस नाहन बस स्टैंड से अपने गंतव्य की ओर आगे बढ़ी।
बताया जा रहा है कि नाहन से निकलने के बाद जब बस रात के समय कंडाघाट के समीप पहुंची, तब चालक ने शराब का सेवन कर लिया। नशे की हालत में चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पा रहा था, जिससे बस में सवार दर्जनों यात्रियों की जान सांसत में पड़ गई।
यात्रियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
चालक की संदिग्ध हालत को देखते हुए बस में सवार एक सतर्क यात्री ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। कंडाघाट पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए बस को रुकवाया और मेडिकल जांच के बाद मामले की जानकारी नाहन डिपो प्रबंधन को दी।
मौके पर की गई वैकल्पिक व्यवस्था
घटना की सूचना मिलते ही सोलन और नाहन के क्षेत्रीय अधिकारियों ने आपस में समन्वय किया। नशे में धुत चालक को तुरंत ड्यूटी से उतार दिया गया। यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए विभाग ने फौरन एक वैकल्पिक चालक का इंतजाम किया और बस को शिमला के लिए रवाना किया।
विभागीय जांच शुरू
HRTC नाहन डिपो के उपमंडलीय प्रबंधक राम दयाल ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया:
“ड्यूटी के दौरान शराब पीना और यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करना अक्षम्य अपराध है। चालक को सस्पैंड कर दिया गया है और उसका मुख्यालय नाहन निर्धारित किया गया है। मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगामी सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”
यह भी पढ़ें:- हिमाचल हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: स्टाफ नर्स भर्ती प्रक्रिया पर तत्काल रोक, पुरुष उम्मीदवारों के हक में हस्तक्षेप
