हिमालयन डॉन संवाददाता, सोलन, 20 मई। सोलन ज़िले में होने वाले पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त Manmohan Sharma ने 26, 28 और 30 मई 2026 को मतदान तथा 31 मई को मतगणना के मद्देनज़र संबंधित क्षेत्रों में ‘ड्राई डे’ घोषित करने के आदेश जारी किए हैं।
प्रशासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार मतदान और मतगणना अवधि के दौरान किसी भी होटल, ढाबे, मदिरालय, दुकान या सार्वजनिक एवं निजी स्थान पर शराब और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री, वितरण और सेवन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने बताया कि पंचायत चुनावों के दौरान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि मतदान समाप्ति से 48 घंटे पहले से लेकर मतगणना पूरी होने तक संबंधित क्षेत्रों में शराब की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी।
26 मई को यहां होगा मतदान
विकास खंड सोलन की ग्राम पंचायत भोजनगर, डांगरी, दयोठी, हरिपुर, जाडली, जौणाजी, कक्कड़हट्टी, नौणी मझगांव, नेरी कलां, शमरोड, सुल्तानपुर, धार बखुना और मनसार में 26 मई 2026 को मतदान होगा।
28 मई को इन पंचायतों में चुनाव
अन्हेच, बडोग, धरोट, जाबल झमरोट, काबा कलां, कोठों, मशीवर, ओच्छघाट, पट्टा बरावरी, रणो, सलोगड़ा, सपरुन और तोप की बेड़ पंचायतों में 28 मई को वोटिंग करवाई जाएगी।
30 मई को यहां डाले जाएंगे वोट
आंजी, बसाल, भारती, बोहली, चामत भड़ेच, चेवा, कोरों, पराग, सन्होल, सेर बनेड़ा, सेरी, शडियाणा और शामती पंचायतों में 30 मई को मतदान होगा।
मतदान के तुरंत बाद आएंगे पंचायत परिणाम
ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायतों के वार्ड सदस्य, उपप्रधान और प्रधान पदों की मतगणना मतदान समाप्त होते ही संबंधित पंचायत मुख्यालयों में शुरू कर दी जाएगी और परिणाम भी उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे।
वहीं पंचायत समिति और ज़िला परिषद सदस्यों की मतगणना 31 मई 2026 को सुबह 9 बजे संबंधित खंड मुख्यालयों में होगी। पंचायत समिति के परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे, जबकि ज़िला परिषद सदस्यों के परिणाम नियमानुसार जारी किए जाएंगे।
प्रशासन ने आम लोगों, होटल संचालकों और व्यापारियों से चुनाव आचार संहिता और ड्राई डे आदेशों का पालन करने की अपील की है, ताकि पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें।
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page
