हिमालयन डॉन संवाददाता, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड अब परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए बड़ा तकनीकी कदम उठाने जा रहा है। आने वाली बोर्ड परीक्षाओं में परीक्षा केंद्रों पर लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरे केवल वीडियो ही नहीं, बल्कि आवाज भी रिकॉर्ड करेंगे। शिक्षा बोर्ड का मानना है कि इस नई व्यवस्था से नकल करवाने और अनुचित गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सकेगी।
दरअसल, जिला कांगड़ा के जवाली क्षेत्र के एक स्कूल में बोर्ड परीक्षा के दौरान शिक्षक द्वारा बोलकर नकल करवाने का मामला सामने आया था। इस घटना ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए थे। मामले का गंभीर संज्ञान लेते हुए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने अब निगरानी व्यवस्था को और अधिक सख्त और हाईटेक बनाने का फैसला लिया है।
जानकारी के अनुसार बोर्ड परीक्षा केंद्रों में लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों को अब ऑडियो रिकॉर्डिंग सुविधा से लैस किया जाएगा। इससे परीक्षा हाल में होने वाली बातचीत और संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा सकेगी। बोर्ड का मानना है कि केवल वीडियो रिकॉर्डिंग से कई बार पूरी सच्चाई सामने नहीं आ पाती, जबकि आवाज रिकॉर्ड होने से नकल करवाने या अनुचित मदद देने जैसे मामलों की आसानी से जांच हो सकेगी।
शिक्षा बोर्ड का कहना है कि उसका मुख्य उद्देश्य परीक्षाओं को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त बनाना है, ताकि मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के हित सुरक्षित रह सकें। इसके साथ ही आने वाले समय में परीक्षा केंद्रों की मॉनिटरिंग के लिए अन्य तकनीकी उपायों पर भी काम किया जाएगा।
स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि कांगड़ा में सामने आए मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने बताया कि आगामी बोर्ड परीक्षाओं में सीसीटीवी कैमरों में वीडियो के साथ आवाज रिकॉर्ड करने की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे नकल के मामलों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके और परीक्षाओं की पारदर्शिता और मजबूत हो।
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page
