शिमला।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि नशे के खिलाफ अभियान को और सशक्त करने के उद्देश्य से प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में 21 और 22 जनवरी, 2026 को एंटी चिट्टा ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं में चिट्टा से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा, नशे की गिरफ्त में आए युवाओं के पुनर्वास तथा रोकथाम से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह बात यहां वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने बताया कि एंटी चिट्टा ग्राम सभाओं में विभिन्न विभागों के अधिकारी पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किए जाएंगे और पंचायत स्तर पर चिट्टा से संबंधित गतिविधियों की समग्र मैपिंग की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिट्टा के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रदेश भर में निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश में प्रीमियर लीग की तर्ज पर एंटी चिट्टा अवेयरनेस स्पोर्ट्स टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे। इन टूर्नामेंटों में कबड्डी, क्रिकेट और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं होंगी, जिन्हें ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा। विजेता टीमों को मुख्यमंत्री द्वारा पुरस्कार राशि भी प्रदान की जाएगी।
ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्पष्ट किया कि चिट्टा तस्करी और इसकी आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ने के लिए बहुआयामी रणनीति अपनाई जा रही है। चिट्टा गतिविधियों से अर्जित की गई संपत्तियों की पहचान कर ली गई है और इन्हें ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि चिट्टे के दुष्प्रभावों के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए स्कूल की पाठ्य पुस्तकों में एक विशेष अध्याय शामिल किया जाए। इसके साथ ही पंचायत स्तर पर गठित नशा निवारण समितियों में ग्राम पंचायत प्रधान और पंचायत समिति सदस्यों को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने इस अभियान में एफपीओ और महिला मंडलों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव के.के. पंत, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, सचिव सी. पालरासु, महाधिवक्ता अनूप रतन, निदेशक ग्रामीण विकास राघव शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
