हिमालयन डॉन संवाददाता| शिमला, भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश के लोगों को जून की शुरुआत में बड़ी राहत मिली है। प्रदेशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और कई क्षेत्रों में हुई बारिश के बाद तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आगामी 6 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई जिलों में रविवार को लगातार तीसरे दिन बारिश दर्ज की गई। शिमला, हमीरपुर, कांगड़ा, चंबा, मंडी और धर्मशाला समेत कई क्षेत्रों में सुबह से बारिश होने के कारण मौसम सुहावना बना रहा और लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश के चलते अधिकांश इलाकों में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है।
3 और 4 जून को येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 3 और 4 जून के लिए प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं और अंधड़ को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में बिजली चमकने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
10 डिग्री तक गिरा तापमान
लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम में आए इस बदलाव से गर्मी का असर काफी हद तक कम हो गया है और पहाड़ी क्षेत्रों में फिर से ठंडक लौट आई है।
रातें भी हुईं ठंडी
- केवल दिन का तापमान ही नहीं, बल्कि रात के तापमान में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
- नाहन का न्यूनतम तापमान सामान्य से 7.5 डिग्री कम होकर 15.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
- शिमला का न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री की गिरावट के बाद 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
- धर्मशाला में रात का तापमान 3.6 डिग्री कम होकर 16.8 डिग्री सेल्सियस रह गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले छह दिनों तक प्रदेश का तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है और कई क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें:- खुद को पत्रकार बताकर वसूली का आरोप, 11 हजार की रसीद काटने पर नाहन में केस दर्ज
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page
