हिमालयन डॉन संवाददाता, शिमला: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों का बिगुल बज चुका है। आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही प्रदेश की 3754 पंचायतों में सियासी माहौल पूरी तरह गर्मा गया है। गांव-गांव में चुनावी हलचल तेज हो गई है और भाजपा-कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने अपनी पूरी ताकत चुनावी मैदान में झोंक दी है।
इस बार पंचायत चुनाव कई मायनों में खास माने जा रहे हैं। सरकारी विभागों से हाल ही में सेवानिवृत्त हुए कर्मचारी भी बड़ी संख्या में चुनावी दंगल में उतर रहे हैं। वहीं कई जगहों पर राजनीतिक दलों के अधिकृत चेहरों के साथ-साथ बागी और आजाद उम्मीदवार भी मुकाबले को दिलचस्प बना रहे हैं।
प्रदेश में इस बार कुल 31,214 पदों के लिए चुनाव होंगे। इनमें पंचायत प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य शामिल हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि जिला परिषद से लेकर पंचायत स्तर तक उम्मीदवारों के चयन में बड़े नेताओं और राजनीतिक आकाओं की सीधी भूमिका देखी जा रही है।
विधानसभा 2027 का सेमीफाइनल माने जा रहे चुनाव
राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो हिमाचल के पंचायत चुनाव केवल स्थानीय सत्ता का चुनाव नहीं, बल्कि आने वाले विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल भी माने जाते हैं। पंचायतों में मजबूत पकड़ बनाने वाली पार्टी को आगामी विधानसभा चुनावों में बड़ा फायदा मिल सकता है। यही कारण है कि भाजपा और कांग्रेस दोनों गांव-गांव में संगठन को सक्रिय कर चुकी हैं।
दूसरी ओर, दलों से नाराज कई वरिष्ठ नेता और स्थानीय चेहरे भी अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए मैदान में उतर गए हैं। इससे कई पंचायतों में मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना बढ़ गई है।
इन तारीखों पर होगी पूरी चुनाव प्रक्रिया
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार 7, 8 और 11 मई को नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 12 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 14 और 15 मई को नाम वापसी का समय तय किया गया है।
15 मई को ही उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। उम्मीदवार सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
तीन चरणों में होगा मतदान
- 26 मई – प्रथम चरण मतदान
- 28 मई – द्वितीय चरण मतदान
- 30 मई – तृतीय चरण मतदान
मतदान खत्म होते ही प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के परिणाम मौके पर ही घोषित कर दिए जाएंगे।
प्रदेश में पंचायत चुनावों को लेकर अब गांवों की चौपालों से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हलचल तेज हो चुकी है और आने वाले दिनों में चुनावी मुकाबला और भी रोचक होने वाला है।
हिमाचल प्रदेश की सभी ताज़ा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें हिमालयन डॉन के साथ।
WhatsApp चैनल:
Join WhatsApp Channel
Telegram चैनल:
Join Telegram Channel
Facebook पेज:
Join Facebook Page
